मौसम ब्रेकिंग: उत्तर भारत के मौसम में अगले दो-तीन दिनों के दौरान हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 13 नवंबर के बीच इसका असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक एवं प्रमुख सुरेंद्र पॉल ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में मौसम में कुछ बदलाव आएंगे। उत्तर पंजाब और हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों के अलावा उत्तर हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम में होने वाला बदलाव सीमित रहने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 12 नवंबर को कश्मीर घाटी के कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
इस बीच दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 14 नवंबर को और अधिक संगठित होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र तथा 15 नवंबर के आसपास अवदाब (डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है।
मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ इसके प्रभाव पर नजर रखी जा रही है।
राजस्थान में अगले तीन-चार दिनों तक मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी तथा उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 15 नवंबर के बाद राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
बुधवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।













