मौसम ब्रेकिंग: उत्तराखंड में आज फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश के सात जनपदों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया गया है, जबकि शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 3200 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फ गिरने से ठंड बढ़ेगी और निचले इलाकों में भी सर्द हवाओं के कारण तापमान गिर सकता है। पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक तक दर्ज किया गया।
राजधानी देहरादून में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है, जबकि शाम को ठंड बढ़ सकती है।
बीते दिनों केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हुई थी, जिससे नर-नारायण पर्वत की चोटियां बर्फ से ढक गई थीं। उच्च क्षेत्रों में बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है और कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है।
लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं।











