मौसम ब्रेकिंग: उत्तराखंड में लंबे समय के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेता हुआ नजर आ रहा है। 13 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड बढ़ सकती है, जबकि गर्मी का पारा लुढ़कने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 13 नवंबर को कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी का अंदेशा है। 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जिससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
निचले इलाकों में सर्द हवाओं के चलते तापमान लुढ़क सकता है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
14 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बताई गई है।
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आ रहा है, जो 14 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। 15 नवंबर से राज्य में मौसम फिर से शुष्क बने रहने का अनुमान है।
वर्तमान में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चल रहा है, लेकिन बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के आसार हैं।












