मौसम ब्रेकिंग: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बरेली के आसपास के जिलों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।
बूंदाबांदी और कोहरे की स्थिति
सुबह और शाम के समय पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-थलग स्थानों पर कहीं-कहीं घना और कहीं पतला कोहरा रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में सुबह के समय दोनों मौसम संभागों में कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं घना से अत्यन्त घना कोहरा दर्ज हुआ।
प्राप्त आंकड़ों में न्यूनतम दृश्यता शून्य मीटर बरेली में दर्ज की गई।
15 नवंबर से तापमान में गिरावट का अनुमान
15 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो उत्तरी-पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा। इसके बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के तापमान में भी बदलाव की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार आने वाले 2-3 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
लखनऊ और प्रदेश का तापमान
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लखनऊ में शनिवार को सुबह-शाम कोहरा रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शुक्रवार को झांसी उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है।













