मौसम ब्रेकिंग: दिवाली का जश्न बीतने के बाद अब देश भर के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत समेत देश के ज्यादातर राज्यों में तापमान गिरने लगा है और सर्द हवाएं ठंड का अहसास कराने लगी हैं, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बिगड़ गया है, जिसका असर मैदानी इलाकों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बर्फबारी तो कहीं भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की पूरी संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भूस्खलन का भी अलर्ट जारी किया गया है।
खासकर 10 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और चंबा जिलों में बारिश का अनुमान है, जबकि उत्तराखंड के कई जिलों में 13 नवंबर तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की उम्मीद जताई गई है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में भी महसूस होने लगा है। मैदानी इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं तापमान में भारी गिरावट दर्ज करवा रही हैं, जिससे ठंड तेजी से बढ़ रही है।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश में भी छिटपुट से मध्यम बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 10 नवंबर को इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में दिन में खिली धूप है, लेकिन सुबह और शाम हल्की सिहरन महसूस हो रही है। राज्य का न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों तक सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। बिहार में 10 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह-शाम हल्का कोहरा नजर आ रहा है।
पटना में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, और आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।












