मौसम ब्रेकिंग: देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कहीं ठंड शुरू हो गई है तो कहीं बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में सुबह और शाम ठंड बढ़ने लगी है, जबकि दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में 13 नवंबर तक तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम: दक्षिण भारत के अलग-अलग शहरों में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। अमरावती और हैदराबाद में सुबह के समय धुंध छाई रहने के साथ हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं।
बेंगलुरु में आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। चेन्नई में बादलों के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि तिरुवनंतपुरम में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली कड़कने की आशंका है।
अमरावती में 21 से 33 डिग्री, बेंगलुरु में 18 से 29 डिग्री, चेन्नई में 24 से 32 डिग्री, हैदराबाद में 16 से 32 डिग्री और तिरुवनंतपुरम में 24 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने का अनुमान है। फिलहाल तिरुवनंतपुरम को छोड़कर बाकी शहरों के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
इन राज्यों में बदलेगा मौसम: देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधि दर्ज की जा सकती है। लगभग 17 राज्यों में आंधी-बारिश संभव है, जिनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।
पहाड़ी राज्यों में भी बादल बरसने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी रहेगा, जिससे भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
दिल्ली का मौसम: दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। रात के समय तापमान में गिरावट से सुबह और शाम मौसम ठंडा महसूस हो रहा है।
IMD ने कल के लिए हल्की बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
13 से 16 नवंबर के बीच सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।












