सावधान! अत्यंत गंभीर तूफान में बदल गया चक्रवात अर्नब, 150 kmph की रफ्तार से होगी टक्कर

चक्रवात अर्नब: चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (नई दिल्ली): बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अर्नब' अत्यंत गंभीर रूप ले चुका है। यह 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा, जिससे कई राज्यों में भारी बारिश और रेड अलर्ट जारी किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर: चक्रवात अर्नब
प्रतीकात्मक तस्वीर. Photo: Atlantic Ambience / Pexels

चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग: बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और तीव्र होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं के साथ बुधवार दोपहर से पहले आंध्र प्रदेश तट पर दस्तक दे सकता है।

इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा है कि बहुत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण 27 से 28 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के ताजा बुलेटिन के अनुसार इस चक्रवाती तूफान के लैंडफॉल के दौरान 125 से 135 किमी प्रति घंटे की निरंतर रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों के साथ 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। विभाग ने कहा है कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 22 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा है।

यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अर्णब’ आंध्र तट की ओर बढ़ा, 28 अक्टूबर को होगा लैंडफॉल

यह चक्रवात अब विशाखापट्टनम से लगभग 220 किमी दक्षिण-पूर्व और गोपालपुर से 370 किमी दक्षिण में केंद्रित है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ेगा और बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार करेगा।

विभाग के मुताबिक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में छिटपुट स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा ओडिशा में भी कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होगी और तूफानी हवाएं चलेंगी।

मौसम विभाग ने तेलंगाना, विदर्भ, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार में भी कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। झारखंड में 29 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है।

यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब और इंद्रावती का बढ़ता जलस्तर, बस्तर में किसानों की 15 करोड़ की फसल पर संकट

तूफान के तट से टकराते समय खगोलीय ज्वार के स्तर से 2 मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं जिससे निचले इलाकों में पानी भर जाएगा। अगले 36 घंटों में कई जिलों में मध्यम फ्लैश फ्लड और जलभराव की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें: अर्नब चक्रवात: लोगों से सतर्क रहने की सलाह, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उधर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत का भी मौसम बदलने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में 29 और 30 अक्टूबर को बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं।

Aditi Chauhan
लेखक परिचय

Aditi Chauhan

Climate & Weather Explainer Writer

Aditi Chauhan, Mausam Breaking के Explainers Desk से जुड़ी हैं। वे मानसून, चक्रवात, पश्चिमी विक्षोभ, El Niño, La Niña और अन्य मौसम प्रणालियों से जुड़े विषयों को सरल भाषा में समझाने वाले articles तैयार करती हैं। उनका उद्देश्य जटिल मौसम विज्ञान संबंधी विषयों को आम पाठकों के लिए आसान और उपयोगी बनाना है।