एमपी में तूफान अर्नब का असर, मौसम ब्रेकिंग (मध्य प्रदेश): भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्से पर दस्तक देने की संभावना है। इस तूफान के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है।
मध्य प्रदेश पर भी इस तूफान का असर नजर आएगा, जिससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 31 अक्टूबर तक मौसम में उलटफेर देखी जाएगी। इस दौरान मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश जबकि 27 अक्टूबर और 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी जो कभी-कभी 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं भी चल सकती हैं।
विभाग ने 28 अक्टूबर को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल और कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 29 अक्टूबर को कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर और शहडोल समेत कुछ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर और राजगढ़ समेत मध्य प्रदेश के तमाम जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 31 अक्टूबर को अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया और भिंड सहित कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अर्णब’ आंध्र तट की ओर बढ़ा, 28 अक्टूबर को होगा लैंडफॉल









