मौसम ब्रेकिंग: उत्तर भारत में सर्दी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 और 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश के आसार हैं।
12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 12 से 14 नवंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी इसी अवधि में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है।
मैदानी इलाकों में 12 और 13 नवंबर को पंजाब के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश होने की संभावना है, और 14 नवंबर को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मौसम अगले कई दिनों तक खराब रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 से 18 नवंबर के बीच यहां कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है, जिसमें 12 से 16 नवंबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं और कुछ इलाकों में भारी बारिश शामिल है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है। 12 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 15 से 17 नवंबर के बीच इन राज्यों में फिर बारिश की संभावना है।
नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तथा 16 से 18 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 12 नवंबर को पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है।
बंगाल की खाड़ी में भी नया मौसमी सिस्टम बनने के संकेत हैं। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
इसके बाद 14 नवंबर के आसपास एक और कम दबाव क्षेत्र बनने और 15 नवंबर के आसपास इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है।
नागरिकों से अपील है कि वे IMD के नवीनतम बुलेटिन पर नज़र बनाए रखें और पहाड़ी व पूर्वोत्तर क्षेत्रों में यात्रा से पहले स्थानीय मौसम स्थिति की जानकारी अवश्य लें।













