मौसम ब्रेकिंग: मौसम पूर्वानुमान को अधिक सटीक और प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) के उपयोग में तेजी लाने पर समीक्षा बैठक में जोर दिया गया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और मौसम विभाग इसके जरिए पारंपरिक न्यूमेरिकल वेदर फॉरकास्टिंग मॉडल को उन्नत बना रहे हैं।
पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों को आम जनता के लिए सुलभ और प्रभावशाली कहानियों के रूप में पेश करने की जरूरत है। अर्थ सिस्टम साइंसेज काउंसिल की समीक्षा बैठक में एआई और मशीन लर्निंग के बेहतर उपयोग और उसके फायदों पर चर्चा हुई।
सिंह ने मिशन मौसम और पृथ्वी कार्यक्रम के तहत हुई वैज्ञानिक प्रगति की समीक्षा की। इसमें भारत फोरकास्टिंग सिस्टम, उन्नत संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान और वायुमंडलीय अवलोकन नेटवर्क में हुए विकास शामिल हैं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मिशन मौसम के तहत उत्तर प्रदेश में हाई स्पेशल रेजोल्यूशन रेनफॉल फॉरकास्ट (एचएसआरआरएफ) का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। यह एआई डाउनस्केलिंग तकनीक के जरिए 1 किलोमीटर के स्थानीय दायरे तक बारिश का सटीक अनुमान दे सकता है।
चक्रवातों की ट्रैकिंग में एडवांस्ड ड्वार्क तकनीक और सैटेलाइट आधारित एआई टूल्स की मदद ली जा रही है, जिससे चक्रवात के रास्तों का 96 घंटे पहले तक अनुमान लगाया जा रहा है। इसके लिए 22 पेटाफ्लॉप्स सुपरकंप्यूटिंग क्षमता का 10 फीसदी हिस्सा विशेष रूप से एआई अनुसंधान के लिए आवंटित किया गया है।
आईआईटी बॉम्बे का 'स्पदानेट' मॉडल हवाई तस्वीरों के जरिए चक्रवात से होने वाले नुकसान का आकलन करने में मदद कर रहा है।
इन प्रयासों से आपदा प्रबंधन में सुधार की उम्मीद है। तूफान, चक्रवात और भारी बारिश जैसी चरम मौसमी घटनाओं का समय पर अलर्ट मिलने से राहत कार्यों को मदद मिलेगी।
किसानों और मछुआरों को कई हफ्ते पहले बारिश या सूखे के संकेत मिलने से बुवाई और फसल सुरक्षा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिल सकती है।
एमआईटी और वैश्विक शोधकर्ताओं द्वारा विकसित एआई तकनीक मौजूदा मॉडलों की गलतियों को सुधारकर दो से छह हफ्ते आगे के उप-मौसमी पूर्वानुमान की क्षमता को दोगुना करने में मदद कर रही है।














