मौसम ब्रेकिंग: आईआईटी मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मानसून की पहचान के लिए एक नया तरीका खोजा है। इससे देश में किसानों को बुवाई और सरकार को जल प्रबंधन की योजना बनाने में आसानी हो सकती है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक किसी जगह बारिश की पहली बूंदें गिरने का मतलब यह नहीं कि वहां मानसून पहुंच गया है। भारत में खेती का बड़ा हिस्सा मानसून पर निर्भर करता है।
ऐसे में मानसून के पहुंचने के समय का सही अनुमान किसानों के लिए बेहद जरूरी है। यदि किसी इलाके में स्थानीय बारिश को ही मानसून की शुरुआत मान लिया जाए और किसान बुवाई कर दें, लेकिन उसके बाद बारिश का सिलसिला जारी न रहे, तो फसलों को नुकसान हो सकता है।
84 साल के बारिश के आंकड़ों से समझा मानसून का पैटर्न
आईआईटी के अनुसार शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में 84 वर्षों के बारिश के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पता चला कि औसतन पूर्वोत्तर भारत में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत 15 मई के आसपास होती है, जबकि प्रायद्वीपीय भारत में यह समय लगभग 9 जून होता है।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि मानसून की शुरुआत के दौरान बारिश से बने सबसे बड़े समूह का आकार अचानक बढ़ता है। इसके बाद यह समूह लगातार भौगोलिक रूप से फैलता है और उत्तर की ओर बढ़ता जाता है।
बुवाई का सही समय और बाढ़ का खतरा समझने में मदद
शोधकर्ताओं ने जलवायु नेटवर्क और जटिल तंत्रों के सिद्धांत का इस्तेमाल करते हुए यह समझने की कोशिश की कि अलग-अलग इलाकों में शुरू हुई बारिश कब एक बड़े और आपस में जुड़े मानसूनी तंत्र का हिस्सा बन जाती है। इससे स्थानीय स्तर पर कुछ समय के लिए हुई बारिश और लगातार सक्रिय होने वाले बड़े मानसून के बीच अंतर करना आसान हो सकता है।
यह तरीका बुवाई का सही समय तय करने, जल संसाधनों और बाढ़ की तैयारी में मददगार साबित हो सकता है।
शोध का तरीका
आईआईटी मद्रास के अनुसार इस शोध के नतीजे अमेरिकन मेटियोरोलॉजिकल सोसाइटी की शोध पत्रिका ‘जर्नल ऑफ क्लाइमेट’ में प्रकाशित हुए हैं। इसके सह-लेखकों में योगेनराज पाटिल, गौरव चोपड़ा, श्रुति टंडन, प्रो.
आर.आई. सुजीत और प्रो.
बी.एन. गोस्वामी शामिल हैं।
शोधकर्ताओं ने देश के अलग-अलग भौगोलिक स्थानों को एक नेटवर्क की तरह माना है, जिसमें हर स्थान एक केंद्र है। इन केंद्रों के बीच संबंध वहां होने वाली बारिश की शुरुआत के आधार पर तय किए गए हैं।
इसके बाद वैज्ञानिकों ने देखा कि अलग-अलग जगहों पर बारिश से बने छोटे समूह किस तरह एक-दूसरे से जुड़कर बड़े समूह का रूप लेते हैं।
स्थानीय बारिश और मानसून के आगमन में अंतर
आईआईटी मद्रास के प्रो. आर.आई.
सुजीत के अनुसार किसी स्थान पर मानसून का पहुंचना वहां हुई पहली बारिश से तय नहीं होता। जब किसी स्थान पर बारिश देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश से जुड़े सबसे बड़े समूह का हिस्सा बन जाती है, तभी वहां बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत मानी जाएगी।
इसका मतलब है कि वहां की बारिश अब केवल स्थानीय मौसम की वजह से नहीं, बल्कि देश में सक्रिय बड़े मानसूनी तंत्र से जुड़ चुकी है। इस तरीके से मानसून की गलत शुरुआत का अनुमान लगाने से बचा जा सकता है, जिससे किसानों को बेहतर समय मिल सकता है।
पूर्वोत्तर से प्रायद्वीपीय भारत तक मानसून का सफर
शोधकर्ताओं ने उदाहरण दिया है कि अप्रैल में पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में बारिश से छोटे समूह बनने लगते हैं, जिनमें गरज-चमक के साथ होने वाली स्थानीय बारिश भी शामिल होती है। आगे चलकर पूर्वोत्तर भारत में बारिश का समूह बड़ा होता है और बंगाल की खाड़ी के क्षेत्र में बने एक अन्य समूह से जुड़ जाता है, जिससे सबसे बड़े समूह का आकार अचानक बढ़ता है।
इसी बदलाव को पूर्वोत्तर भारत में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत माना जाता है।
इसके बाद प्रायद्वीपीय भारत में भी इसी तरह की प्रक्रिया दिखती है। केरल में स्थानीय बारिश से एक छोटा समूह बनता है और जब यह पूर्वोत्तर भारत से पश्चिम की ओर बढ़ रहे सबसे बड़े बारिश समूह से जुड़ जाता है, तब इसे प्रायद्वीपीय भारत में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत माना जाता है।
इस तरह केरल में हुई छिटपुट बारिश को मानसून की वास्तविक शुरुआत मानने की गलती से बचा जा सकता है।
शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि प्रायद्वीपीय भारत में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत के बाद बारिश उत्तर की ओर बढ़ती है। यह मानसून के भीतर होने वाले मौसमी उतार-चढ़ाव की पहली सक्रिय लहर से जुड़ा है, जिसे मानसून अंत मौसमी दोलन कहा जाता है।
शोधकर्ताओं ने इस नई तकनीक का इस्तेमाल वर्ष 2026 के मानसून पर भी किया है।













