बेमौसम बारिश , मौसम ब्रेकिंग (बहरागोड़ा): बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में साइक्लोन अर्णब के प्रभाव से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगभग 4000 हेक्टेयर खेत के धान की फसल पककर तैयार होने के समय लगातार बारिश होने से किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है।
पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण खेतों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल भी भीगने से प्रभावित हो सकती है।
बहरागोड़ा क्षेत्र में अधिकांश किसान धान की खेती पर निर्भर हैं और इस समय खेतों में धान की फसल पूरी तरह तैयार है। ऐसे में बारिश का लगातार जारी रहना किसानों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गया है।
यह भी पढ़ें: Vikasnagar News: बारिश से सात डिग्री तक लुढ़का पारा, बढ़ी ठंड
किसानों को आशंका है कि यदि बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं, तो पककर तैयार धान की फसल खेतों में गिर सकती है जिससे पैदावार और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि, अब तक क्षेत्र में तेज हवाओं का खास असर नहीं देखा गया है, लेकिन पकी हुई धान के खेतों के कुछ हिस्से में फसल गिर गई है।
बहरागोड़ा के कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि 28 अक्टूबर को क्षेत्र में 8.6 एमएम बारिश हुई थी, जबकि 29 अक्टूबर को समाचार लिखे जाने तक 63.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इस प्रकार दो दिनों में करीब 70 एमएम बारिश हुई है जिसके कारण खेतों में पानी जमा होने और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों को फसल बीमा के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी है। कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिन किसानों की फसल जलजमाव के कारण खराब हुई है, वे संबंधित फसल बीमा कंपनी को इसकी सूचना दें।
इसके अलावा 14447 नंबर पर कॉल कर फसल नुकसान की जानकारी दर्ज कराएं जिससे नियमानुसार बीमा लाभ या मुआवजे के दावे की प्रक्रिया में सहायता मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें: MP में अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी, साइक्लोन अर्नब का दिखेगा असर









