मौसम ब्रेकिंग: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। रात के समय पारा तेजी से गिर रहा है, जिससे सुबह-सुबह ठंडक और कोहरे का अहसास होने लगा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 नवंबर से 16 नवंबर तक सुबह के समय कोहरा या धुंध रहने की बात कही है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि ह्यूमिडिटी 90 से 95 प्रतिशत तक रह सकती है।
तापमान में इस गिरावट का सीधा असर हवा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है। ठंड बढ़ने के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के कई इलाकों में हवा ‘गंभीर’ श्रेणी की ओर बढ़ रही है। दिल्ली के चांदनी चौक में एक्यूआई 383, बुराड़ी क्रॉसिंग में 366, सीआरआरआई मथुरा रोड में 349, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 337 और बुराड़ी में 319 दर्ज किया गया है।
चव्हला में एक्यूआई 398 तक पहुंच चुका है, जो खतरे के निशान के बेहद करीब है।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद की हवा भी खराब हो रही है। नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 373 और सेक्टर-125 में 317 दर्ज किया गया है, जबकि सेक्टर-150 में 236 और सेक्टर-1 में 247 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
गाजियाबाद में वेव सिटी में एक्यूआई 335, संजय नगर में 325, न्यू तहसील-लोनी में 320, वसुंधरा में 311 और लोनी में 309 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम में एक्यूआई 189 (मध्यम श्रेणी) दर्ज हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार सर्दियों की शुरुआत में हवा की गति धीमी हो जाती है और प्रदूषण के कण वातावरण में जमा होने लगते हैं, जिससे एक्यूआई बढ़ता है। त्योहारों की लंबी छुट्टियों में सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होने से आंशिक सुधार देखने को मिल सकता है, लेकिन फिलहाल रात के तापमान में गिरावट और स्थिर हवा के चलते प्रदूषण का स्तर ऊपर की ओर जा रहा है।













