मौसम ब्रेकिंग: उत्तर कश्मीर के विश्व प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग की ऊंची पहाड़ियों पर बुधवार को हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरी घाटी को खूबसूरत सफेद चादर से ढक दिया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होते ही गुलमर्ग के फेज-1 और आसपास की चोटियों पर ताज़ी बर्फ गिरी।
इस बर्फबारी से क्षेत्र का तापमान काफी नीचे चला गया है, और कश्मीर में विंटर टूरिज्म का औपचारिक आगाज़ भी हो गया है। बर्फ से ढके देवदार के पेड़, ढलानें और चारों तरफ फैला सफेद नज़ारा देश-विदेश से आए पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।
देश के मैदानी इलाकों में बढ़ते वायु प्रदूषण और धुंध से परेशान लोग यहां की ताज़ी और शुद्ध हवा में सुकून तलाश रहे हैं। बर्फबारी की खबर मिलते ही गुलमर्ग में सैलानियों की चहल-पहल अचानक काफी बढ़ गई है।
गुजरात से पहली बार कश्मीर घूमने आईं पर्यटक रूपल ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हम पहली बार घाटी आए हैं और यहां पहली ही यात्रा में बर्फबारी देखकर हम बेहद खुश और रोमांचित हैं। हमें बिल्कुल यकीन नहीं था कि इतनी जल्दी बर्फ देखने को मिल जाएगी।” उन्होंने कहा कि देश के बड़े शहरों में जहां सांस लेना मुश्किल हो रहा है, वहीं कश्मीर का साफ और प्रदूषण-मुक्त वातावरण मन को असीम शांति दे रहा है।
वहीं महाराष्ट्र से पहुंचे पर्यटक प्रशांत ने विंटर टूरिज्म के रोमांच पर बात करते हुए कहा, “बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच खड़े होने का अनुभव शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। गुलमर्ग की सुंदरता अद्वितीय है।
गंडोला राइड और बर्फ के साथ खेलने का जो अनुभव हमें यहां मिल रहा है, वह जीवनभर याद रहेगा।”
ताज़ा बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों, होटल मालिकों, गाइडों और ट्रांसपोर्टरों के चेहरे खिल उठे हैं। स्थानीय हितधारकों का कहना है कि यह बर्फबारी पूरे पर्यटन उद्योग के लिए एक वरदान की तरह है।
बर्फबारी के दौरान देश-विदेश से बुकिंग बढ़ जाती है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।
पर्यटन उद्योग से जुड़े व्यवसायियों ने उम्मीद जताई है कि आगामी दिनों में पर्यटकों की संख्या में बड़ा उछाल देखने को मिलेगा, जिससे जम्मू-कश्मीर का विंटर टूरिज्म एक बार फिर अपनी पूरी रंगत में नज़र आएगा।













