मौसम ब्रेकिंग: सहारनपुर में दिवाली के दो दिन बाद भी प्रदूषण का असर बना हुआ है। मंगलवार को जनपद का एक्यूआई 235 रहा।
पिछले पांच दिनों से एक्यूआई लगातार 200 के ऊपर चल रहा है।
जनपद में शाम सात बजे के बाद से सुबह आठ से नौ बजे तक ठंड बनी हुई है। इस दौरान लोग गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं।
दिन में धूप तेज निकल रही है, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण धुएं और धूल के कण जमीन के पास ही बने हुए हैं।
मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर आलम के अनुसार आगामी दिनों में सर्दी बढ़ने और कोहरा आने पर वायु प्रदूषण और बढ़ सकता है। ऐसे में संवेदनशील मरीजों को सावधान रहने की जरूरत है।
मंगलवार को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार की तुलना में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
मौसम विभाग ने बुधवार की सुबह हल्का कोहरा आने का अनुमान जताया है।
एक्यूआई 200 से अधिक होने पर गले में खराश, सांस फूलना, सीने में जकड़न और घरघराहट जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अस्थमा या पुरानी फेफड़ों की बीमारी वालों के लक्षण गंभीर हो सकते हैं।
आंखों में जलन, पानी आना, खुजली, नाक बहना और सिरदर्द की शिकायत भी हो सकती है। दिल के मरीजों को अतिरिक्त जोखिम हो सकता है, इसलिए प्रदूषित हवा में अनावश्यक संपर्क से बचें।
बीते पांच दिनों का एक्यूआई: 10 नवंबर को 235, 09 नवंबर को 268, 08 नवंबर को 230, 07 नवंबर को 239 और 06 नवंबर को 235 रहा।













