मौसम ब्रेकिंग: नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अपना मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। अब तक दिन की गर्मी से परेशान लोगों को सुबह से चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी की आहट महसूस करा दी है।
बुधवार सुबह सीहोर में ठंडी हवाओं का असर साफ दिखाई दिया।
सुबह घरों से बाहर निकले लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ा, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए ठंडी हवाएं परेशानी का कारण बनीं। मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान ने भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में रात का पारा और नीचे जा सकता है।
न्यूनतम तापमान 16 डिग्री पर पहुंचा
बुधवार सुबह से ही जिले में ठंडी हवाओं का प्रभाव देखने को मिला। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
दिन और रात के तापमान में करीब 16 डिग्री का अंतर मौसम के बदलते तेवर को बयां कर रहा है।
सुबह और शाम ठंडक महसूस होने लगी है। खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।
दिन में धूप का रहेगा जोर
मौसम में ठंडक के बावजूद दिन के तापमान में फिलहाल बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सुबह की ठंड के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप तेज होगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी।
रात के तापमान में आएगी गिरावट
आरएके कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर के अनुसार सीहोर जिले में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि रात का तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
हवाओं का रुख बदला
मौसम में आ रहे इस बदलाव की प्रमुख वजह मानसून की विदाई के बाद वातावरण में नमी का कम होना और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली अपेक्षाकृत ठंडी हवाओं का प्रभाव है। नवंबर में आसमान साफ रहने से रात के समय धरती की गर्मी तेजी से वातावरण में बाहर निकलती है, जिससे रात और सुबह तापमान में गिरावट आती है।
वहीं दिन में तेज धूप के कारण पारा दोबारा ऊपर चढ़ जाता है।
फिलहाल जिले में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है। नवंबर के आगे बढ़ने के साथ न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
ऐसे में सुबह और रात के समय हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना फायदेमंद रहेगा।
फिलहाल सीहोर में सर्दी ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन दिन की धूप अभी उसकी रफ्तार पर ब्रेक लगाए हुए है। आने वाले दिनों में रात का पारा कितना गिरता है, इसी पर ठंड के वास्तविक तेवर निर्भर करेंगे।













