हरियाणा मौसम, मौसम ब्रेकिंग (हरियाणा): हरियाणा में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और बदलने वाला है। मौसम विभाग चंडीगढ़ द्वारा जारी ताजा बुलेटिन और पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जना की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन राज्य के दक्षिण और दक्षिण-पूर्व के जिलों भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, रोहतक और नूंह में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान हरियाणा के औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यह तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस बालसमंद और फतेहाबाद में दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा में न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई, जहां पारा 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में 15.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 15.5 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में 15.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इसके विपरीत, फरीदाबाद 19.1 डिग्री सेल्सियस के साथ रात में राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। दिन के तापमान में भी औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस फरीदाबाद में दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में 32.3 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 32.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान कुरुक्षेत्र में 28.8 डिग्री सेल्सियस और सोनीपत में 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 31.5 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 30.2 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज हुआ। 28 व 29 अक्टूबर को होने वाली बारिश से दिन के पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है।
यह भी पढ़ें: फुकेट में भारी बारिश के बाद बाढ़ का कहर, सड़कों पर बहा पानी और कीचड़









