Kal Ka Mausam, मौसम ब्रेकिंग (दिल्ली): देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। चक्रवात अर्नब के कमजोर होने के बाद भी इससे जुड़ी नमी के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना है। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और कुछ अन्य पूर्वी व मध्य भारतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में 30 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई है जिससे हल्की वस्तुओं और पेड़ों को नुकसान हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के मौसम में अंतर देखने को मिल सकता है जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 30 अक्टूबर को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से पूर्वी इलाकों में बारिश की संभावना है। सीधी, सिंगरौली, रीवा, सतना और शहडोल जैसे जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है जबकि अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली एनसीआर प्रदूषण: बारिश और तेज हवाओं के बावजूद एक्यूआई 222 पर, नहीं मिली राहत







