काशी में भारी बारिश, मौसम ब्रेकिंग (काशी): काशी में 29 अक्तूबर को तेज हवा या आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 28 अक्तूबर को यलो अलर्ट रहेगा। आंध्र प्रदेश और दक्षिणी उड़ीसा तटों के लिए चक्रवात अलर्ट के चलते काशी और पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में बेमौसम बारिश की संभावना बन गई है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार 29 से 31 अक्तूबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा के साथ कहीं-कहीं बहुत भारी बरसात हो सकती है। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में औसतन छह से आठ डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। उन्होंने बताया कि यह चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और यानम तटों को अति प्रचंड रूप में पार करेगा और वहां हवा की गति झोंकों के साथ 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रविवार को काशी में चुभती धूप ने लोगों को हलकान किया, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा 13 किमी प्रति घंटे की गति से बही और हवा में नमी 80 फीसदी तक रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें: फुकेट में भारी बारिश के बाद बाढ़ का कहर, सड़कों पर बहा पानी और कीचड़









