उत्तराखंड मौसम, मौसम ब्रेकिंग (रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी/देहरादून): उत्तराखंड में बृहस्पतिवार सुबह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के जारी रहने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली समेत अनेक जगहों पर बर्फबारी दर्ज की गयी है, जबकि बदरीनाथ के आसपास की ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वतों पर हिमपात होने की सूचना है। बदरीनाथ धाम में भी बर्फ गिरने की संभावना जतायी गयी है।
रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में सुबह से बर्फबारी हो रही है जिसके चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गयी है। अधिकारियों ने बताया कि बदलते मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासनिक टीम को तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: Vikasnagar News: बारिश से सात डिग्री तक लुढ़का पारा, बढ़ी ठंड
रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गयी है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए परामर्श जारी किया गया है जिसमें गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
गंगोत्री धाम में तेज बर्फबारी के कारण चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है और श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। गंगोत्री मंदिर के पुरोहित रवींद्र सेमवाल ने बताया कि मौसम ऐसा रहा तो शाम तक काफी बर्फ जम जाएगी।
प्रदेश के अधिकांश निचले स्थानों पर बारिश हो रही है और देहरादून में सुबह से लगातार बारिश होने से ठंड बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: MP में अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी, साइक्लोन अर्नब का दिखेगा असर









