वाराणसी सहित पूर्वांचल में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह के आखिरी दिनों में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। 24 से 26 सितंबर के बीच मानसूनी बादल झमाझम बारिश करा सकते हैं। इन तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। मानसून की वापसी में अभी करीब पखवारा बाकी है, लेकिन उससे पहले ही पूर्वांचल में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
सोमवार सुबह वाराणसी का आसमान बादलों की गिरफ्त में रहा। उमस का स्तर भी बढ़ा हुआ महसूस हुआ। दिन चढ़ने के साथ पुरवा हवाओं ने जोर पकड़ा और बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। दोपहर तक आसमान साफ हो गया। सुबह की ठंडी हवाओं के असर से घरों में कूलर और एसी बंद होने लगे। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और वातावरण में बदलाव के संकेत मिलेंगे।
सप्ताह के अंत में बारिश का यलो अलर्ट
24, 25 और 26 सितंबर को मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश और थंडरस्टॉर्म की संभावना है। विभाग ने सप्ताह के आखिर में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है।
तापमान और आर्द्रता
बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 34.0°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.4°C अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.6°C रहा, जो सामान्य से 0.7°C कम है। आर्द्रता न्यूनतम 81% और अधिकतम 87% दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 25°C से नीचे जाने के बाद अब पूर्वांचल में गुलाबी ठंडक की आहट महसूस होने लगी है।
गुलाबी ठंड की ओर बढ़ता मौसम
पिछले सप्ताह से सुबह के समय आंचलिक इलाकों में कुहासा दिखने लगा है। कांस के फूलने के साथ गुलाबी ठंडक का दौर भी सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर की शुरुआत के साथ गुलाबी ठंड साफ नजर आने लगेगी। बारिश का यलो अलर्ट होने के कारण इस सप्ताह बारिश के बाद तापमान में और कमी आ सकती है।

