बीड़-बिलिंग मौसम, मौसम ब्रेकिंग (बीड़-बिलिंग): जिला काँगड़ा में स्थित विश्वविख्यात पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में प्रतिकूल मौसम और हालिया हादसों के मद्देनजर प्रशासन ने 28 अक्तूबर तक सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर रोक लगा दी है। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बैजनाथ संकल्प गौतम ने इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं।
हालांकि, अधिकृत एवं योग्य पायलटों और ऑपरेटरों की निगरानी में टैंडम उड़ानें सुचारू रूप से जारी रह सकेंगी। प्रशासन के अनुसार इस क्षेत्र में तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता और बादलों की स्थिति में लगातार बदलाव के कारण जोखिम बढ़ गया है।
इसी वजह से मानव जीवन की सुरक्षा और किसी भी दुर्घटना की रोकथाम के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। किसी भी टैंडम उड़ान के संचालन से पहले मौसम का सटीक आकलन करना अनिवार्य कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: वैष्णो देवी यात्रा साफ मौसम के चलते सुचारू रूप से जारी
यदि तेज हवाएं चलती हैं, बारिश होती है, दृश्यता कम रहती है या अन्य प्रतिकूल स्थितियां होती हैं, तो उड़ान की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी। पैराग्लाइडिंग मार्शलों को सोलो उड़ानों पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्शलों को टैंडम उड़ानों की विशेष निगरानी करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने या असुरक्षित उड़ान की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी ऑपरेटरों और पायलटों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा है। पर्यटकों को मौसम की मौजूदा स्थिति की पूरी जानकारी देने और सुरक्षा सुनिश्चित न होने पर उड़ान न देने के निर्देश हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बदलते मौसम के बीच अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीज 15 फीसदी तक बढ़े









