दिल्ली-एनसीआर एक्यूआई 450 के पार, Mausam Breaking (दिल्ली-एनसीआर): दिल्ली समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है और रातें ठंडी होने लगी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर से 9 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन हवा की गुणवत्ता ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 और 450 के पार पहुंच गया है, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक्यूआई 450 दर्ज किया गया। वहीं, आईआईटी दिल्ली में 453, अलीपुर में 422, आईटीओ में 421 और बवाना में 411 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।
आनंद विहार (302), अशोक विहार (348), आया नगर (382), बुराड़ी क्रॉसिंग (393) और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (411) में भी हवा बेहद खराब बनी हुई है।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक है। नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 426 तक पहुंच गया है, जबकि सेक्टर-150 में 351, सेक्टर-110 में 349 और सेक्टर-39 में 321 दर्ज किया गया।
सेक्टर-125 (243) और सेक्टर-116 (261) में राहत है, लेकिन दोनों ‘खराब’ श्रेणी में हैं। गाजियाबाद के लोनी में एक्यूआई 304, संजय नगर में 308 और वेव सिटी में 312 दर्ज किया गया।
नोएडा में प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह सड़क निर्माण कार्य बताया गया है। कई इलाकों में सड़क निर्माण जारी होने से सड़कें धूल से पटी हुई हैं, और उड़ती धूल हवा में घुलकर एक्यूआई को और खराब कर रही है।
इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नोएडा प्राधिकरण और नोएडा पीसीबी की ओर से ठोस कदम नजर न आने की बात भी कही गई है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 4 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहेगा। 5 और 6 नवंबर को तापमान 29 डिग्री तक जा सकता है।
7 नवंबर से तापमान में फिर गिरावट होगी और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री पर आ जाएगा। 9 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
डॉक्टरों के अनुसार, इस स्तर का प्रदूषण खासकर बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा व हृदय रोगियों के लिए बेहद घातक है।














