UP Weather update, Mausam Breaking (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद बारिश का सिलसिला थम चुका है और पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम का दौर जारी है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, और कई इलाकों में सुबह कोहरे का असर भी दिखाई दे रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 नवंबर को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक बारिश या बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है।
दिन में तेज धूप से मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन सूरज ढलते ही हल्की सिहरन महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 5 से 9 नवंबर के बीच मौसम सामान्य और शुष्क रहने की उम्मीद है। प्रदेश के सभी जिले फिलहाल ‘ग्रीन जोन’ में हैं, यानी कोई गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान में अगले सात दिनों तक बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
राजधानी लखनऊ में आज आसमान साफ रहेगा और दिनभर धूप निकलेगी। यहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो पिछले तीन दिनों की तुलना में 4 से 5 डिग्री अधिक है।
एनसीआर के नोएडा और गाजियाबाद में मौसम शुष्क है, पर ठंड के साथ प्रदूषण का स्तर भी लोगों के लिए चिंता का विषय बन रहा है।
बीते 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। हरदोई, उरई, मेरठ और बरेली भी ठंडे जिलों में शामिल रहे।
वहीं झांसी में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा है। प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच और आगरा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।














