सिरसा मौसम, मौसम ब्रेकिंग (सिरसा): उत्तरी हरियाणा व दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में बारिश के बाद जिले में मौसम तेजी से बदलने लगा है। सुबह और शाम सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को अब ठंडक का एहसास होने लगा है।
पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान करीब छह डिग्री नीचे आकर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर आ गया है।
मौसम के इस बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है और खासकर बच्चों में सर्दी, खांसी और जुकाम की शिकायतें बढ़ गई हैं। सुबह स्कूल जाते समय बच्चों को ठंडी हवा का सामना करना पड़ता है जबकि दोपहर में उन्हें गर्मी का अनुभव होता है।
यह भी पढ़ें: जगाधरी में मौसम ने बदली करवट, सुबह घनी धुंध ने रोकी वाहनों की रफ्तार
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की वेबसाइट के अनुसार, शुक्रवार को जिले में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री रहा। विभाग ने आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री रहने का पूर्वानुमान जताया है।
जिला नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. गौरव ने बताया कि दिन-रात के तापमान में अंतर से शरीर को तालमेल बैठाने में परेशानी होती है।
इससे सर्दी-जुकाम, खांसी और गले के संक्रमण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में जल्द आ रहा है शीत मोर्चा
मौसम में बदलाव का असर कृषि गतिविधियों पर भी पड़ रहा है जहां एक तरफ धान की कटाई और मंडियों में फसल पहुंचाने का काम जारी है। वहीं दूसरी ओर सरसों की बिजाई का समय आखिरी चरण में पहुंच चुका है और किसान इस बदलाव से चिंतित हैं।






