वाराणसी मौसम, मौसम ब्रेकिंग (वाराणसी): वाराणसी में मौसम ने शुक्रवार को अचानक करवट ले ली है और अर्नब चक्रवात के असर से सुबह से ही शहर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। ठंडी हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है, जिससे तापमान गिरने के साथ ही लोगों को अब सर्दी का एहसास होने लगा है।
सुबह वाराणसी का तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 24 घंटे तक अर्नब चक्रवात का प्रभाव बना रह सकता है और इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने, बारिश व तेज हवाएं चलने की संभावना है। तापमान में भी और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसके चलते लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बेमौसम बारिश ने किसानों की बड़ी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि इस समय जिले के पिंडरा, चिरईगांव और चोलापुर सहित ग्रामीण इलाकों में धान की फसल पककर पूरी तरह तैयार है। कई खेतों में फसल कटाई का इंतजार कर रही है, जबकि कुछ जगहों पर कटी हुई फसल खेतों में ही पड़ी हुई है।
इस प्रकार की बारिश और तेज हवाओं से धान की फसल के गिरने, बालियों में नमी आने तथा खेतों में पानी भरने का बड़ा खतरा पैदा हो गया है, जिससे कटाई और मड़ाई का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्टूबर से वाराणसी में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना जताई गई है और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। एक नवंबर को भी मौसम मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादल वाला रहने का अनुमान है तथा दो नवंबर तक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें: हाथरस में आज हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी
हालांकि, तीन नवंबर को फिर से कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है और उसके बाद चार नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान लगाया गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार के 13 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी, चक्रवाती तूफान अर्नब का असर घटा









