बस्ती मौसम, मौसम ब्रेकिंग (बस्ती): चक्रवाती तूफान से बदले मौसम का असर शनिवार को भी देखने को मिला। सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हो गया।
स्कूलों में पटेल जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश होने के कारण बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत जरूर मिली। लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
खेतों में खड़ी धान की फसल कई स्थानों पर गिर गई, जबकि कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी गई फसल भीग गई। शनिवार की सुबह पांच बजे तापमान का न्यूनतम पारा 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जिले में शुक्रवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को बारिश की रफ्तार थमी नजर आई।
लेकिन हल्की बूदाबांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
किसानों को डर है कि अगर बारिश आगे भी जारी रहती है तो तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचेगा। दूसरी तरफ दो दिनों से मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही हल्की ठंड का भी सुबह व शाम एहसास होने लगा है।
यह भी पढ़ें: हाथरस में आज हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी
शनिवार को दिन के वक्त अधिकतम तापमान का पारा 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: बिहार के 13 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी, चक्रवाती तूफान अर्नब का असर घटा









