जगाधरी में मौसम, मौसम ब्रेकिंग (जगाधरी): जगाधरी क्षेत्र में मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार सुबह जब लोग नींद से जागे तो कई इलाकों में घनी धुंध छाई हुई थी।
कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जगाधरी, बूडिया, छछरौली, फतेहपुर, खारवन, भेड़थल, तेजली, दड़वा, परवालो, कनालसी और खदरी सहित आसपास के क्षेत्रों में अलसुबह से ही धुंध का असर देखने को मिला।
दो दिन पहले हुई तेज बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह के समय सड़कों पर धुंध के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: सिरसा मौसम: बढ़ी सर्दी, रात का पारा छह डिग्री लुढ़का, सेहत और खेती प्रभावित
मौसम में आए इस बदलाव को कृषि विशेषज्ञ गेहूं की फसल की शुरुआती बिजाई के लिए अनुकूल मान रहे हैं। कृषि विशेषज्ञ डॉ.
सतीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में कुछ किसानों ने गेहूं की बिजाई शुरू कर दी है।
ऐसे में धुंध और मौसम में नमी फसल के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। इससे खेतों में नमी बनी रहने में मदद मिलती है।
यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में जल्द आ रहा है शीत मोर्चा
दूसरी ओर, मौसम में बदलाव के चलते डॉक्टरों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टर सीएस छाबड़ा ने बताया कि मौसम बदलने के दौरान खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
इस मौसम में खांसी, जुकाम, नजला और बुखार जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में ठंड से बचाव करना और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।






