छत्तीसगढ़ मौसम चक्रवाती तूफान मुरासु अलर्ट, Mausam Breaking (छत्तीसगढ़): चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हैं और अलग-अलग जगहों पर बारिश से सर्दी का असर दिखने लगा है।
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए प्रदेश के 16 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जबकि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश पर सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। इस दौरान तूफान की तीव्रता में कमी दर्ज की गई और इसके और कमजोर होकर अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बुधवार को 16 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।
कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
रायपुर में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है, जहां अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार को रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
यह बारिश ऐसे समय हो रही है जब धान की फसलें कट रही हैं, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।











