चक्रवात अर्नब , मौसम ब्रेकिंग (नई दिल्ली): चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ अब अपने पूरे उफान पर है और इसका सीधा असर बुधवार 28 अक्टूबर को देश के बड़े हिस्से में देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के मुताबिक इस चक्रवात के असर से तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश और तबाही मचाने वाली तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात ‘अर्नब’ का सबसे प्रचंड असर रहेगा। इन तीनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ बेहद भारी वर्षा होने की पूरी आशंका है जबकि तेलंगाना और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
चक्रवात के व्यापक असर की वजह से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के राज्यों में भी हवा की रफ्तार और बारिश की गतिविधियों में भारी तेजी आएगी। 28 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ-साथ तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम एवं मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिण भारत के आंतरिक कर्नाटक, केरल एवं माहे, रायलसीमा में हवाएं चलेंगी और बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
चक्रवात ‘अर्नब’ 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले तट से टकराएगा और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में लैंडफॉल के समय हवाओं की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने के कड़े निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, बस्तर के स्कूलों में 28 अक्टूबर की छुट्टी
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब के खतरे के चलते रांची में दो दिन स्कूल बंद









