चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (रांची): झारखंड की राजधानी रांची में चक्रवात अर्नब के प्रभाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत 28 और 29 अक्टूबर 2026 को सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में KG से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है और रांची को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाओं को लेकर निजी स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर फैसला ले सकेंगे।
चक्रवात अर्नब के कारण खराब मौसम की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार इन दो दिनों में जिले के सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अर्नब’ का बड़ा खतरा: राहत और बचाव के लिए NDRF की 31 टीमें तैनात
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।
प्रशासन के आदेश में निजी विद्यालयों में पहले से तय परीक्षाओं को लेकर छूट दी गई है, जिसके तहत स्कूल प्रबंधन परीक्षा आयोजित करने पर अपने स्तर पर निर्णय ले सकेगा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी।
विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों और शिक्षिकाओं को निर्धारित तारीखों पर विद्यालय में उपस्थित रहना होगा और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर पूरी तरह ध्यान देने की अपील की है। सभी से खराब मौसम के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब को लेकर रेल मंडल और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अलर्ट








