चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (छत्तीसगढ़): बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है। राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट रहने और राहत-बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश का ज्यादा असर दिख सकता है। बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है।
प्रशासन ने बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है और अधिकारियों को मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब 24 घंटे तक आंध्रप्रदेश में मचाएगा तबाही
छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने सोमवार शाम मंत्रालय में हुई बैठक में 27 से 29 अक्टूबर तक चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। सरकार का मुख्य जोर जनहानि रोकने और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता पहुंचाने पर है।
सरकार ने राहत शिविरों को चौबीसों घंटे चालू रखने और वहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं निर्बाध बनाए रखने के साथ गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने को कहा गया है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की टीमों को निर्धारित स्थानों पर पूरी तैयारी के साथ रहने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सचिव शम्मी आबिदी ने जोखिम वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब का अलर्ट: अगले 2 दिन भारी बारिश और तेज हवाओं से बिगड़ेगा मौसम
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्णव का खतरा, बलरामपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी









