चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (रांची): चक्रवात अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची में मौसम विभाग की चेतावनी के बीच विभिन्न सरकारी और परिवहन इकाइयों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर रांची रेल मंडल और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रशासन भी अलर्ट मोड में हैं।
हालांकि, फिलहाल रांची रेल मंडल से संचालित ट्रेनों के परिचालन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ानों के रद्द होने या उनके मार्ग में बदलाव को लेकर भी कोई सूचना जारी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर देवघर प्रशासन सतर्क, एनडीआरएफ टीम स्टैंडबाय पर
दोनों इकाइयां मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हालात में बदलाव होने पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। रांची रेल मंडल ने चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए एहतियाती तैयारियां की हैं।
रेल मंडल की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि मौसम की स्थिति बिगड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि फिलहाल ट्रेनों के परिचालन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
रेल मंडल की संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और मौसम की स्थिति तथा उसके संभावित प्रभाव का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: साइक्लोन अर्नब आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ा, ओडिशा में हाई अलर्ट
रेलवे के लिए तेज हवाओं और भारी बारिश के दौरान रेल पटरियों, परिचालन व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR तक तूफान अर्णब का असर; 2 दिन बारिश, 40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
दूसरी ओर, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रशासन भी चक्रवात की स्थिति को लेकर सतर्क है और उड़ानों के परिचालन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल उड़ानों को रद्द करने या डायवर्ट करने से संबंधित कोई सूचना जारी नहीं की गई है।
चक्रवात अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेल और हवाई यातायात से जुड़ी इकाइयां सतर्क हैं और यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन या उड़ान की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।









