चक्रवाती तूफान अर्नब , मौसम ब्रेकिंग (देवघर): जिले में 28 और 29 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने आपात स्थिति से निपटने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जिला, प्रखंड, पंचायत और नगर निकाय स्तर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इन दो दिनों में जिले में आंशिक बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए एनडीआरएफ समेत स्थानीय राहत एवं बचाव दलों को स्टैंडबाय पर रहने का निर्देश दिया गया है।
डीसी ने नगर निगम, नगर परिषद और अन्य नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है। आंधी-तूफान के दौरान पेड़ या बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीमों को जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के मौसम में आएगा बदलाव, अर्नब चक्रवात को लेकर भारी बारिश की चेतावनी
सड़क यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है.
तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता को विशेष निर्देश दिया गया है। बिजली बाधित होने पर कम से कम समय में आपूर्ति बहाल करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर और तकनीकी टीमों को मुस्तैद रखने को कहा गया है.
डीसी ने एनडीआरएफ सहित सभी स्थानीय राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
तूफान और बारिश के दौरान सतर्क रहें तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब की आहट से सहमे गोपालगंज के किसान, फसल पर मंडराया संकट









