चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (नई दिल्ली): बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। 28 अक्टूबर 2026 को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना के चलते तटीय और मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित राज्यों के स्थानीय प्रशासन ने 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि, पूरे देश में कोई एक जैसा आदेश लागू नहीं है और चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर बाकी राज्यों में स्कूल रोज की तरह ही चलेंगे।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, सिर्फ IMD के बारिश के पूर्वानुमान के आधार पर पूरे देश में स्कूल बंद होने की घोषणा नहीं की गई है और स्कूलों की छुट्टी का फैसला संबंधित राज्य सरकार या जिला प्रशासन करता है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर देवघर प्रशासन सतर्क, एनडीआरएफ टीम स्टैंडबाय पर
दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के छात्रों के लिए फिलहाल कोई चक्रवात-संबंधी छुट्टी घोषित नहीं की गई है और इन इलाकों में 28 अक्टूबर को स्कूल सामान्य टाइम टेबल के अनुसार खुलेंगे। इसी तरह उत्तर प्रदेश के लखनऊ समेत अन्य शहरों और तमिलनाडु में भी राज्य स्तर पर कोई सार्वजनिक अवकाश नहीं है।
चक्रवात अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय जिलों में देखने को मिल रहा है जहाँ विशाखापट्टनम, काकीनाडा और कोणसीमा में स्कूल 27-28 अक्टूबर को बंद हैं। ओडिशा के गंजम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में 28-29 अक्टूबर को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
यह भी पढ़ें: साइक्लोन अर्नब आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ा, ओडिशा में हाई अलर्ट
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR तक तूफान अर्णब का असर; 2 दिन बारिश, 40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं









