Cyclone Arnab Tirupati Update, मौसम ब्रेकिंग (तिरुपति): बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवात के तट से टकराने की संभावना है, जिसके असर से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
अगर आप इस दौरान भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुपति या तिरुमाला की यात्रा का विचार कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले जमीनी हालात और सुरक्षा दिशा-निर्देशों को समझ लेना बेहद जरूरी है। पहाड़ी भूगोल की वजह से तेज बारिश के दौरान तिरुमाला जाने वाले रास्ते जोखिम भरे हो जाते हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने 26 अक्टूबर को घाट रोड बंद करने की घोषणा की थी।
भारी बारिश में भूस्खलन और जलजमाव की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए बिना आधिकारिक पुष्टि के सफर शुरू न करें। इसके अलावा अलिपिरी और श्रीवारी मेट्टू जैसे पैदल मार्गों पर भी फिसलन और सुरक्षा कारणों से पाबंदियां लग सकती हैं तथा किसी भी वैकल्पिक या असुरक्षित रास्ते से ऊपर चढ़ने का जोखिम बिल्कुल न लें।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर देवघर प्रशासन सतर्क, एनडीआरएफ टीम स्टैंडबाय पर
मंदिर परिसर में दर्शन की प्रक्रिया चालू हो सकती है, लेकिन वहां तक पहुंचने वाले मार्ग बाधित होने पर दर्शन कर पाना आसान नहीं होगा। अगर आपने पहले से स्लॉट बुक कराया है, तो TTD के आधिकारिक पोर्टल पर रिशेड्यूलिंग और टिकट से जुड़ी ताजा गाइडलाइंस जांच लें।
खराब मौसम के चलते दक्षिण तटीय रेल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है और 27-28 अक्टूबर के बीच दर्जनों ट्रेनों के संचालन में बदलाव या रद्दीकरण देखा गया है। तिरुपति जाने वाली उड़ानों के समय में भी फेरबदल संभव है, इसलिए रेलवे के नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम और संबंधित एयरलाइंस की वेबसाइट पर अपने टिकट की स्थिति जांचने के बाद ही घर से कदम आगे बढ़ाएं।
श्रद्धालुओं के लिए व्यावहारिक सुझाव के तहत TTD और स्थानीय प्रशासन के आधिकारिक चैनलों से घाट रोड और मंदिर दर्शन के ताज़ा बुलेटिन देखते रहें। परिवार में अगर बुजुर्ग और छोटे बच्चे साथ हैं, तो खुले में लंबे इंतज़ार और पैदल चढ़ाई से बचें तथा रेनकोट, जरूरी दवाइयां, वाटरप्रूफ बैग और पावर बैंक जैसी आवश्यक चीजें साथ रखें।
यह भी पढ़ें: साइक्लोन अर्नब आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ा, ओडिशा में हाई अलर्ट
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR तक तूफान अर्णब का असर; 2 दिन बारिश, 40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं









