थाईलैंड के फुकेत द्वीप में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से कई इलाके जलमग्न

फुकेत द्वीप बाढ़: थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल फुकेत द्वीप के कई इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के बाद सोमवार को अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए और निचले इलाकों में पानी भर गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर: फुकेत द्वीप बाढ़
प्रतीकात्मक तस्वीर. Photo: Hussain Naushad / Pexels

फुकेत द्वीप बाढ़, मौसम ब्रेकिंग (बैंकॉक): थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल फुकेत द्वीप के कई इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के बाद सोमवार को अचानक बाढ़ आ गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

दक्षिणी द्वीपीय प्रांत के तीनों जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिनमें प्रांतीय राजधानी फुकेत शहर भी शामिल है।

प्रांत के उप-गवर्नर रोमडोन हाइयावाए ने बताया कि सोमवार सुबह के बाद पानी का स्तर घटने लगा था, लेकिन निचले इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है। इन इलाकों में छोटे वाहनों को जाने से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: थाईलैंड में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से फुकेत द्वीप के बड़े इलाके जलमग्न

उन्होंने कहा कि प्रांत के कुछ हिस्सों में भूस्खलन भी हुआ है। अधिकारी मलबा हटाने में जुटे हैं, ताकि वह नहरों में न गिरे और जलमार्गों में रुकावट पैदा न करे।

सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुसता और सड़कों पर भरता दिखाई दे रहा है। पानी भरने से कई सड़कें आवागमन के लिए बंद हो गईं।

बाढ़ के बाद जमा मिट्टी और पत्थरों के ढेर में वाहन आंशिक रूप से दबे हुए भी नजर आए। रोमडोन ने बताया कि बाढ़ से करीब 100 परिवार प्रभावित हुए हैं, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से नीलगिरि के गांव का संपर्क टूटा

थाईलैंड के मौसम विभाग ने दक्षिणी क्षेत्र में बुधवार तक लगातार भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

आपदा रोकथाम एवं न्यूनीकरण विभाग के अनुसार, थाईलैंड के कई हिस्सों में सितंबर के मध्य से बाढ़ का कहर जारी है और सोमवार तक कम से कम 83 लोगों की मौत होने की सूचना है।

सितंबर के अंत में राजधानी बैंकॉक में भी कई दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी। इसके कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

Aditi Chauhan
लेखक परिचय

Aditi Chauhan

Climate & Weather Explainer Writer

Aditi Chauhan, Mausam Breaking के Explainers Desk से जुड़ी हैं। वे मानसून, चक्रवात, पश्चिमी विक्षोभ, El Niño, La Niña और अन्य मौसम प्रणालियों से जुड़े विषयों को सरल भाषा में समझाने वाले articles तैयार करती हैं। उनका उद्देश्य जटिल मौसम विज्ञान संबंधी विषयों को आम पाठकों के लिए आसान और उपयोगी बनाना है।