Cyclone Arnab , मौसम ब्रेकिंग (रायपुर): बंगाल की खाड़ी में आकार ले रहे संभावित चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। सोमवार को भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ.
टी.वी. सोमनाथन ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक की।
बैठक में कैबिनेट सचिव ने तूफान से निपटने के लिए राज्यों द्वारा की जा रही व्यापक तैयारियों और आपदा प्रबंधन के इंतजामों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
मंत्रालय महानदी भवन से आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में छत्तीसगढ़ की ओर से अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ शामिल हुए। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से चक्रवात से निपटने के लिए की गई पूर्व तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी और राज्य प्रशासन का ब्योरा केंद्र के सामने रखा।
अपर मुख्य सचिव पिंगुआ ने बताया कि राज्य प्रशासन संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
विशेष रूप से दक्षिण बस्तर क्षेत्र में 28 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिसे ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को सतर्क कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के बाद बस्तर संभाग में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
आपदा से निपटने के लिए तैयारियों का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि SDRF की 7 टीमें आधुनिक उपकरणों के साथ तैनात कर दी गई हैं।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का मिजाज, चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश की चेतावनी
एनडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों को भी आपातकालीन स्थिति के लिए अलर्ट पर रखा गया है। संभावित प्रभावित इलाकों में राहत शिविर, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सामग्री, परिवहन और संचार व्यवस्था से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आवश्यकता पड़ने पर आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों या शेल्टर होम पर पहुंचाने की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
बैठक के दौरान कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी.
सोमनाथन ने राज्यों को निर्देशित किया कि शून्य जनहानि के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि पेड़ों के गिरने, दीवारों के ढहने या जलभराव के दौरान लोगों की लापरवाही से होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
साथ ही, समय पर चेतावनी जारी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।









