Bihar Cyclone Alert, मौसम ब्रेकिंग (बिहार): बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवाती तूफान बिहार के मौसम का मिजाज भी बदल सकता है। आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहे इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बिहार में 28 अक्टूबर से बारिश, आंधी और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, महीने के आखिरी दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना गहरा दबाव तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की दिशा में बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
इसके बाद इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है और यह मौसमी सिस्टम 28 अक्टूबर की सुबह से दोपहर के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट के आसपास पहुंच सकता है। इस दौरान समुद्र तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा रहेगा।
बिहार में 28 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की संभावना है जिसके बाद 29 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
राज्य में 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 30 और 31 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखनी होगी।
पटना सहित दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि सभी जिलों में एक जैसी बारिश होने का अनुमान नहीं है और कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का मिजाज, चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश की चेतावनी
अक्टूबर के आखिरी दिनों में बारिश होने से खेतों में खड़ी फसलों और कटाई के बाद खुले में रखी उपज पर असर पड़ सकता है। किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए तैयारी रखनी चाहिए।
फिलहाल बिहार में चक्रवाती तूफान के सीधे टकराने का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। तूफान की गति और दिशा में बदलाव के साथ बिहार के मौसम का पूर्वानुमान भी बदल सकता है।









