दिल्ली मौसम सर्दी धुंध न्यूनतम तापमान, Mausam Breaking (दिल्ली): राजधानी में सुबह और शाम के समय अब सर्दी महसूस होने लगी है। खासकर स्टूडेंट्स और सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है।
आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है।
वीकेंड तक न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, स्काईमेट के अनुसार, अगले हफ्ते दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।
हालांकि, दोपहर में धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में ठंड का अहसास कम हो रहा है।
रात में पंखे भी बंद होने लगे हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा।
पूर्वानुमान के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 15 डिग्री रहने का अनुमान है।
इसके बाद 5 से 9 नवंबर तक सुबह के समय धुंध रह सकती है। स्काईमेट के अनुसार, दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाले प्रदूषण के कारण सुबह की धुंध और घनी हो सकती है।
5 नवंबर के आसपास एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहने की संभावना है। वहीं, 10 नवंबर के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है।
इसका असर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचने पर आसमान में बादल छा सकते हैं और अगले हफ्ते के मध्य में हल्की बारिश होने के आसार हैं।














