भदोही मौसम चेतावनी, मौसम ब्रेकिंग (भदोही): बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम के असर से 28 और 29 अक्टूबर को भदोही समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के क्षेत्रीय केंद्र की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, इन दिनों तेज हवा, गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश हो सकती है।
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने किसानों को मौसम की आशंका को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश सूखाग्रस्त: कम बारिश के कारण अलीराजपुर और धार सहित 12 जिलों में आकलन जारी
उन्होंने कहा कि तैयार फसलों की कटाई जल्द पूरी कर लें और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। मड़ाई के बाद अनाज को घर के अंदर सुरक्षित रख लें, ताकि बारिश से नुकसान न हो।
कृषि विभाग ने किसानों को खेतों में भराई और पलेवा का काम 29 अक्टूबर के बाद करने की सलाह दी है। इसके अलावा सब्जियों की बुवाई भी 29 अक्टूबर तक टालने को कहा गया है।
जिन खेतों में पहले ही बुवाई हो चुकी है, वहां पानी भरने की स्थिति में तुरंत निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 29 अक्तूबर को बारिश के आसार
किसानों से पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की अपील की गई है। पशुओं को खुले में या पेड़ों के नीचे न बांधें, ताकि तेज हवा, बिजली गिरने और खराब मौसम के दौरान किसी तरह का खतरा न हो।
यह भी पढ़ें: 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना, चक्रवात के असर से बदलेगा मौसम
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने लोगों से 28 और 29 अक्टूबर को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए किसानों और आम नागरिकों को जरूरी एहतियात बरतने तथा फसलों, पशुधन और जान-माल की सुरक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।









