चक्रवात अर्नब , मौसम ब्रेकिंग (कांकेर): चक्रवाती तूफान अर्नब का असर उत्तर बस्तर कांकेर जिले में भी दिखाई दे रहा है। सुबह से जिले में हवा और बारिश का दौर लगातार जारी है।
मौसम विभाग ने कांकेर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इसके चलते कांकेर में सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ियों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
वहीं इस बेमौसम बारिश ने स्थानीय किसानों की चिंता काफी बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर से बारिश और स्कूलों की छुट्टी बढ़ाने के संकेत
किसान गुलाब सिंह कोमरा ने बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की बात कही है। किसान धन्नूराम पाल ने बताया कि उन्होंने करीब चार एकड़ जमीन में फसल लगाई है, जिसमें से दो एकड़ की फसल अभी नहीं कटी है।
किसानों का कहना है कि यदि लगातार तीन दिन तक बारिश होती रही तो खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। इससे किसानों की एक साल की मेहनत बेकार हो जाएगी और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए। आकलन के आधार पर उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई है ताकि राहत मिल सके।
कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर के वरिष्ठ वैज्ञानिक बीरबल साहू ने बताया कि कृषि विभाग ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। चक्रवात अर्नब के प्रभाव का अनुमान तीन दिन तक है और 28 व 29 अक्टूबर को मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में कल का मौसम; तूफान अर्णब कराएगा बारिश, येलो अलर्ट जारी
वैज्ञानिक ने बताया कि जो फसलें पककर तैयार हैं, जैसे मक्का, धान और दलहनी फसलें, उन्हें नुकसान की पूरी संभावना है। फिलहाल किसानों को फसल नहीं काटने और कीट प्रकोप से बचने के लिए फसलों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।









