सोनीपत मौसम , मौसम ब्रेकिंग (सोनीपत): सोनीपत में 31 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने 29 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वीरवार सुबह सोनीपत में मौसम में अचानक बदलाव हुआ और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
उपायुक्त नेहा सिंह ने किसानों, पशुपालकों और आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: बेमौसम बारिश से बहरागोड़ा में धान की फसल पर संकट
सोनीपत डीसी नेहा सिंह ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को सोनीपत में अनेक स्थानों पर, जबकि 28 और 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
ऐसे में लोगों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
डीसी ने किसानों से अपील की, कि खेतों में कटाई के बाद खुले में रखी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए सिंचाई, उर्वरकों और कीटनाशकों के छिड़काव से जुड़े कार्य मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार ही करें।
कृषि संबंधी जरूरी जानकारी के लिए संबंधित विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश
उपायुक्त ने कहा कि आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। खुले स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
ऐसी स्थिति में किसी सुरक्षित भवन में शरण लें। कमजोर दीवारों, अस्थायी ढांचों, बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखें।
वाहन चलाते समय मौसम अचानक खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर सावधानी बरतें।
डीसी ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और जल निकायों के नजदीक जाने से बचें।
साथ ही बिजली के उपकरणों और खुले तारों से दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।









