सोनीपत मौसम, मौसम ब्रेकिंग (सोनीपत): सोनीपत में 31 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने 29 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वीरवार सुबह सोनीपत में मौसम में अचानक बदलाव हुआ और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
उपायुक्त नेहा सिंह ने किसानों, पशुपालकों और आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। सोनीपत डीसी नेहा सिंह ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को सोनीपत में अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें: बेमौसम बारिश से बहरागोड़ा में धान की फसल पर संकट
डीसी ने किसानों से अपील की, कि खेतों में कटाई के बाद खुले में रखी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि नुकसान से बचाया जा सके। मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए सिंचाई और उर्वरकों के छिड़काव से जुड़े कार्य रोकें।
उपायुक्त ने कहा कि आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। खुले स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित भवन में शरण लें।
डीसी ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश









