MP Weather 5 नवंबर बारिश, Mausam Breaking (मध्य प्रदेश): प्रदेश में गुलाबी ठंड की आमद के साथ ही दिन और रात के पारे में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और किसी भी जिले में वर्षा दर्ज नहीं हुई।
दिन के वक्त खिली तेज धूप की हल्की गर्माहट और सूरज ढलते ही रात में बढ़ती सिहरन ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मैदानी इलाकों में दमोह में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही।
इसके अलावा रायसेन में पारा 15.4 डिग्री और ग्वालियर में 16.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके उलट शिवपुरी में 21.0 डिग्री और नर्मदापुरम में 20.2 डिग्री में रातें अन्य जिलों के मुकाबले अपेक्षाकृत गर्म रहीं।
दिन के तापमान पर नजर डालें तो ग्वालियर और छतरपुर जिले के खजुराहो में अधिकतम पारा 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं गुना में 32.8 डिग्री, सागर में 32.7 डिग्री और धार व उज्जैन में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि प्रदेश का आसमान पूरी तरह साफ है और उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं आ रही हैं। मौसम को प्रभावित करने वाला फिलहाल कोई सक्रिय सिस्टम मौजूद नहीं है।
इसके असर से अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।














