मुरासु तूफान का असर मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ राजस्थान मौसम, Mausam Breaking: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मुरासु का असर अब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे कम हो रहा है। मंगलवार को मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी या आंधी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 4 नवंबर से तूफान का असर कम होने लगेगा। अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश के सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में ही आंधी-बारिश का अलर्ट है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत बाकी हिस्सों में धूप खिलने का अनुमान है।
प्रदेश में 5, 6 और 7 नवंबर को आंधी-बारिश की संभावना नहीं बताई गई है। विभाग के मुताबिक धनतेरस और दीपावली के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है।
अगले चार दिनों में रात के तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
बीती रात मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में सबसे कम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाजापुर के गिरवर में 14.4 डिग्री, भोपाल में 15.1 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 15.4 डिग्री और कटनी के करौंदी में 15.5 डिग्री तापमान रहा।
मंडला में दिन का सबसे अधिक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
छत्तीसगढ़ में भी तूफान का असर लगभग खत्म होने की ओर है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को एक-दो जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 5 नवंबर से मौसम साफ रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटे हल्के बादल रह सकते हैं, अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ रात की ठंड बढ़ने लगी है। शेखावाटी के सीकर और फतेहपुर में रात का तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू में 11.9 डिग्री रहा।
उदयपुर और चित्तौड़गढ़ में भी रात और सुबह की ठंड बढ़ी है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलेगी, जबकि रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
प्रदेश में आंधी-तूफान का कोई अलर्ट फिलहाल जारी नहीं है।














