चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (आंध्र प्रदेश): बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में बना कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण की ओर बढ़ गया है और मंगलवार सुबह तक इसके मजबूत होकर एक गंभीर साइक्लोनिक तूफान का रूप लेने की संभावना है। साइक्लोनिक तूफान अर्नब में बदलकर इसके बुधवार सुबह तक आंध्र प्रदेश तट के पास बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
यह तूफान उसी दिन दोपहर तक बापटला-विशाखापत्तनम तट को पार करने की आशंका है और इस दौरान आंध्रप्रदेश में बहुत भारी बारिश होगी। जिन क्षेत्रों में बारिश की संभावना है उनमें डॉ.
बीआर अंबेडकर कोनासीमा, काकीनाडा, एलुरु, ईस्ट गोदावरी, वेस्ट गोदावरी और कृष्णा जिले शामिल हैं जहां 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी।
यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा: 10 पॉइंट में समझिए ओडिशा-आंध्र प्रदेश की तैयारी
वहीं श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अल्लूरी सीतारामाराजू, अनकापल्ले, गुंटूर, प्रकाशम, बापटला और नेल्लोर जिलों में 20 सेंटीमीटर से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है। आगामी 28 तारीख को जब ये बहुत गंभीर तूफान के रूप में तट को पार करेगा, तो 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के कारण आंध्रप्रदेश के काकीनाडा में बड़े-बड़े पेड़ उखड़ गए हैं। तूफान की वजह से मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सख्त चेतावनी दी गई है, जिसके बाद समुद्र तटों पर नावें सुरक्षित रूप से लगा दी गई हैं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात अरनब से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों की उच्च स्तर पर समीक्षा की है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने और राहत व बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी NDRF की 10 टीमें और राज्य की SDRF की 11 टीमें तैनात की गई हैं।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब विकराल रूप लेकर आगे बढ़ा, 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट









