चक्रवात अर्नब , मौसम ब्रेकिंग (आंध्र प्रदेश): बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव विकराल रूप लेते हुए आज यानी सोमवार, 26 अक्तूबर को चक्रवाती तूफान अर्नब में तब्दील हो गया है। इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने और अगले दिन सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका जताई गई है।
इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के दक्षिणी तटीय क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। IMD के ताजा राष्ट्रीय बुलेटिन के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे चक्रवात बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी और उससे सटे मध्य-पश्चिमी हिस्से में केंद्रित था और यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा।
मौसम विभाग ने बताया कि यह प्रणाली अंडमान द्वीपसमूह के श्री विजय पुरम से करीब 590 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में, विशाखापत्तनम से 650 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में और अन्य तटीय बिंदुओं के पास स्थित थी। इस प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और सोमवार आधी रात तक भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
इसके बाद 27 अक्टूबर तक इसके और मजबूत होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है, जो 28 अक्टूबर की सुबह तक बापटला एवं विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करेगा। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि हवा की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
इस चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक की आशंका है और 27-28 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने लैंडफॉल के समय समुद्र में 1.0 से 1.5 मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठने की आशंका जताई है, जिससे निचले इलाके जलमग्न हो सकते हैं और लगभग 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
IMD के अनुसार 28 अक्टूबर को दक्षिणी और तटीय ओडिशा के जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है, जबकि तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 28 से 30 अक्टूबर के दौरान झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम और विदर्भ क्षेत्र में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का मिजाज, चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश की चेतावनी









