छत्तीसगढ़ मौसम अलर्ट मुरासु चक्रवात बारिश 16 जिले, Mausam Breaking (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर दिखने लगा है। मंगलवार शाम रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में मौसम अचानक बदला, आसमान में बादल छाए और कुछ जगहों पर तेज बारिश हुई।
अब मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
साथ ही बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ कमजोर होकर अवदाब में बदलने की ओर बढ़ रहा है। 3 नवंबर को यह आंध्र प्रदेश के बापटला से करीब 40 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में केंद्रित था, उस समय हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी।
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मंगलवार को रायपुर में सबसे अधिक 30.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री रहा।
अब प्रदेश के लोगों को तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।











