चक्रवात अनब का असर, मौसम ब्रेकिंग (सासाराम): पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अनब’ के प्रभाव से रोहतास समेत बिहार के कई हिस्सों में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए जिला कृषि विभाग ने किसानों को धान की खड़ी और कट चुकी फसल को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है.
लगातार बारिश, वज्रपात और तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने तथा खलिहान में रखे धान के भीगकर खराब होने का खतरा है. ऐसे में किसानों को समय रहते फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की गई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग, पटना की ओर से 27 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है.
यह भी पढ़ें: अर्नव तूफान का असर: ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 70 से अधिक ट्रेनें रद्द
इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है.
बारिश के कारण जलजमाव होने से केले, पपीते, सहजन और आम के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है. ऐसे में किसानों को खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है.
कृषि विभाग ने किसानों से कटे हुए धान और अन्य खरीफ फसलों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखने की अपील की है. खुले में सुखाई जा रही उपज को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल से ढकने की सलाह दी गई है, ताकि फसल भीगकर खराब न हो.
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब का असर: दिल्ली से यूपी-बिहार तक बदलेगा मौसम
विभाग ने पूरी तरह नहीं पकी फसल की कटाई फिलहाल टालने की सलाह दी है. किसानों से कहा गया है कि मौसम साफ होने के बाद ही धान की कटाई और दौनी करें.
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्णब मध्य प्रदेश के कई जिलों में मचाएगा गदर, भारी बारिश की आशंका
इसके अलावा, गीले खेतों में कृषि मशीनें चलाने से बचें और खेतों में पानी जमा न होने दें.







